देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चिकित्सा अधिकारियों, फार्मासिस्ट और उद्यान विभाग के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
देहरादून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने गुरुवार को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता की सेवा का संकल्प पत्र है।

कार्यक्रम में कुल 243 चिकित्सा अधिकारियों, 42 फार्मासिस्ट तथा उद्यान विभाग के अंतर्गत 22 प्रयोगशाला सहायकों और मशरूम पर्यवेक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। बड़ी संख्या में मौजूद अभ्यर्थियों और अधिकारियों के बीच मुख्यमंत्री ने युवाओं से पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाने की अपील की।
“दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका सबसे अहम”

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण राज्य है, जहां पर्वतीय और दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि किसी भी संकट की स्थिति में जनता की पहली उम्मीद डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों से होती है। उन्होंने नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों और फार्मासिस्टों से कहा कि वे सेवा भावना के साथ काम करें और ग्रामीण तथा दुर्गम क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
आयुष्मान योजना से लाखों परिवारों को मिला लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 62 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। वहीं करीब 12 लाख मरीजों का 2200 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस इलाज किया जा चुका है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर जरूरतमंद व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचे।
उत्तराखंड में तेजी से बढ़ रहा मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मेडिकल सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से काम हो रहा है। वर्तमान में उत्तराखंड में 5 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि 2 नए मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा प्रदेश में 9 नर्सिंग कॉलेज और 3 नर्सिंग स्कूल भी संचालित किए जा रहे हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर इलाज पहुंचाने के लिए टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस सेवाओं का भी संचालन किया जा रहा है।
कृषि और उद्यानिकी को नई पहचान देने पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि और उद्यानिकी क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कीवी, ड्रैगन फ्रूट, हाई डेंसिटी एप्पल, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार चाहती है कि युवा आधुनिक खेती और उद्यानिकी के जरिए प्रदेश को नई पहचान दिलाएं।
“प्रदेश में लागू है देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून”
मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसका असर अब भर्ती प्रक्रियाओं में साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में प्रदेश के 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इससे युवाओं का सरकार और भर्ती व्यवस्था पर भरोसा मजबूत हुआ है।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
कार्यक्रम में कृषि एवं उद्यान मंत्री Ganesh Joshi ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उद्यान विभाग द्वारा अतिसघन सेब बागवानी, कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट मिशन, मधुमक्खी पालन नीति और जाइका परियोजना जैसी योजनाओं का सफल संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मशरूम उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं और यह किसानों की आय बढ़ाने का बड़ा माध्यम बन सकता है।
स्वास्थ्य मंत्री बोले- दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचेगी बेहतर स्वास्थ्य सेवा
स्वास्थ्य मंत्री Subodh Uniyal ने कहा कि नए चिकित्सकों और फार्मासिस्टों की नियुक्ति से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों में भी पर्याप्त संख्या में चिकित्सक उपलब्ध हों, ताकि लोगों को अपने नजदीकी क्षेत्रों में बेहतर इलाज मिल सके।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री Khajan Das, विधायक Umesh Sharma Kau, विधायक Savita Kapoor, मेयर Saurabh Thapliyal, सचिव सचिन कुर्वे, डॉ. एस.एन. पाण्डेय सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
