नैनीताल के कृष्णापुर क्षेत्र में भूस्खलन और गिरते बोल्डरों की स्थिति का जायजा लेते कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और प्रशासनिक अधिकारी।
नैनीताल। नैनीताल जनपद के कृष्णापुर क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे भूस्खलन और पहाड़ी से गिरते विशाल बोल्डरों के खतरे को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्टिव मोड में दिखाई दे रहा है। मंगलवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्थानीय लोगों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि लंबे समय से पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर गिरने का खतरा बना हुआ है, जिससे लोगों में डर का माहौल है। हाल ही में एक बड़ा बोल्डर गिरने से एक कार और एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई थी। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
विशेषज्ञ एजेंसी करेगी बोल्डरों का सुरक्षित निस्तारण

कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि केवल जाल लगाकर बोल्डरों को रोकना स्थायी समाधान नहीं है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पहाड़ी पर मौजूद अस्थिर बोल्डरों का पूर्ण और सुरक्षित निस्तारण किया जाए।
इसके लिए स्लोप स्टेबलाइजेशन में विशेषज्ञ एजेंसी को तत्काल बुलाने के निर्देश दिए गए हैं। यह एजेंसी आधुनिक तकनीक की मदद से विशाल बोल्डरों को छोटे-छोटे हिस्सों में काटकर सुरक्षित तरीके से हटाने का काम करेगी। आयुक्त ने अपर जिलाधिकारी को संबंधित एजेंसी से तत्काल समन्वय स्थापित कर कार्रवाई शुरू कराने को कहा।
भू-वैज्ञानिक सर्वे भी होगा
आयुक्त ने कहा कि क्षेत्र में बार-बार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए विस्तृत भू-वैज्ञानिक सर्वे बेहद जरूरी है। इसके लिए जल्द विशेषज्ञ टीम द्वारा सर्वे कराया जाएगा ताकि भविष्य में स्थायी समाधान तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पैदल मार्ग की जर्जर हालत पर जताई चिंता
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने पैदल मार्ग की खराब स्थिति और स्कूली बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। लोगों ने बताया कि रास्ता कई जगह से क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। इस पर आयुक्त ने सिंचाई विभाग को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक बलिया नाले का स्थायी समाधान नहीं निकलता, तब तक मौजूदा मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए और वहां मजबूत रेलिंग लगाई जाए।
वैकल्पिक टू-व्हीलर मार्ग बनाने की तैयारी
क्षेत्रवासियों ने कुमाऊं यूनिवर्सिटी के कृषि विज्ञान विभाग के मैदान से पुराने कूड़ा खड्ड तक हल्के वाहनों और दोपहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने की मांग भी रखी। इस पर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग (PWD) को तत्काल सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। माना जा रहा है कि यह मार्ग बनने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।
गंदगी पर आयुक्त नाराज, वेतन काटने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कृष्णापुर क्षेत्र में कई जगह भारी गंदगी पाए जाने पर आयुक्त दीपक रावत ने नगर पालिका की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो सफाई कर्मचारी क्षेत्र में तैनात होने के बावजूद काम नहीं कर रहे हैं, उनका उस दिन का वेतन काटा जाए। आयुक्त के इस सख्त रुख के बाद नगर पालिका प्रशासन में हड़कंप की स्थिति रही।
लोगों से सीधे संपर्क में रहेंगे आयुक्त
कुमाऊं आयुक्त ने स्थानीय नागरिकों से कहा कि भूस्खलन और सड़क धंसने की समस्या का स्थायी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि क्षेत्र में कोई नई समस्या सामने आती है तो वे सीधे उन्हें फोन पर जानकारी दे सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता संजय शुक्ला, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पीएस बृजवाल, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजना नेगी सहित कई विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
