हल्द्वानी में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे, जिला विकास प्राधिकरण और भाजपा की गुटबाजी पर बयान दिया।
हल्द्वानी। हल्द्वानी पहुंचे उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने राहुल गांधी के आगामी उत्तराखंड दौरे को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों में राहुल गांधी के दौरे को लेकर भारी उत्सुकता है।

हरीश रावत ने कहा कि अल्मोड़ा में आयोजित होने वाली राहुल गांधी की रैली ऐतिहासिक साबित होगी। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी को सुनने और देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचेंगे। कांग्रेस इस रैली को लेकर पूरी ताकत के साथ तैयारियों में जुटी हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि पौड़ी में आयोजित होने वाला पूर्व सैनिक सम्मेलन भी बेहद महत्वपूर्ण रहेगा और कांग्रेस उसे भी ऐतिहासिक कार्यक्रम बनाने जा रही है।

जिला विकास प्राधिकरण पर लगाए गंभीर आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने ग्रामीण क्षेत्रों में जिला विकास प्राधिकरण के हस्तक्षेप को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिला विकास प्राधिकरण का काम केवल वसूली तक सीमित हो गया है और आम लोगों को परेशान किया जा रहा है।
हरीश रावत ने आरोप लगाया कि प्राधिकरण के अधिकारी लोगों से “दक्षिणा” मांगते हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इस व्यवस्था पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
भाजपा की अंदरूनी राजनीति पर भी बोले हरीश रावत
भाजपा नेता अरविंद पांडे को लेकर चल रही सियासी चर्चाओं और कथित गुटबाजी पर भी हरीश रावत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा कांग्रेस पर आपसी मतभेदों का आरोप लगाती रही है, लेकिन अब भाजपा के अंदर ही खुलकर संघर्ष दिखाई दे रहा है।
हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस में केवल मतभेद हो सकते हैं, लेकिन भाजपा में तो “सर फुटव्वल” की स्थिति बन चुकी है। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।
कांग्रेस राहुल गांधी के दौरे को बना रही शक्ति प्रदर्शन
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राहुल गांधी का प्रस्तावित उत्तराखंड दौरा आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। कांग्रेस इस दौरे के जरिए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने और भाजपा सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश में जुटी है।
अल्मोड़ा और पौड़ी के कार्यक्रमों को लेकर कांग्रेस संगठन स्तर पर भी लगातार तैयारियां चल रही हैं।
