हल्द्वानी में आयोजित सेवा, सुशासन और समर्पण पखवाड़ा शिविर में 105 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 86 का मौके पर समाधान किया गया तथा 390 लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला।
हल्द्वानी। हल्द्वानी ब्लॉक कार्यालय सभागार में प्रदेश सरकार की ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ पहल के तहत आयोजित सेवा, सुशासन और समर्पण पखवाड़ा का बहुउद्देशीय शिविर आम लोगों के लिए राहत लेकर आया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही मंच पर मौजूद रहे, जहां लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं और बड़ी संख्या में शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।

शिविर के दौरान कुल 105 जनशिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 86 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को तय समय सीमा में समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। इसके अलावा 390 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर सरकार का विशेष फोकस: सांसद अजय भट्ट

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं चला रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की सफलता उसकी मेहनत और कार्य के प्रति समर्पण पर निर्भर करती है। मेहनती व्यक्ति हर चुनौती को अवसर में बदल सकता है।
सांसद ने लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षण और आर्थिक सहयोग देकर उनकी वार्षिक आय बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे हजारों महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी हो रही हैं।
पलायन रोकने के लिए मशरूम और मधुमक्खी पालन पर जोर
जनपद नैनीताल के प्रभारी सचिव एवं उत्तराखंड शासन में सचिव, बाल विकास एवं महिला सशक्तिकरण चन्द्रेश कुमार यादव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं चलाना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाकर पलायन को रोकना भी है।
उन्होंने कहा कि नैनीताल जैसे पर्यटन जिले में मशरूम की भारी मांग है, लेकिन यहां होने वाला उत्पादन कुल आवश्यकता का लगभग 20 प्रतिशत ही पूरा कर पाता है। करीब 80 प्रतिशत मशरूम बाहर से मंगाना पड़ता है। यदि स्वयं सहायता समूह और ग्रामीण युवा मशरूम उत्पादन तथा मधुमक्खी पालन को अपनाएं तो उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।
उन्होंने लोगों से इन क्षेत्रों में आगे आने की अपील करते हुए कहा कि इससे स्थानीय रोजगार भी बढ़ेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
15 दिनों के भीतर शेष शिकायतों का समाधान करने के निर्देश
प्रभारी सचिव ने कहा कि सेवा, सुशासन और समर्पण पखवाड़ा का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान सरकारी दफ्तरों में नहीं बल्कि उनके बीच जाकर करना है।
उन्होंने बताया कि शिविर में पेयजल, जल जीवन मिशन, सड़क, अतिक्रमण, विद्युत और अन्य विकास कार्यों से संबंधित शिकायतें सामने आई हैं। इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों और मुख्य विकास अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिविर में प्राप्त लंबित शिकायतों का 15 दिनों के भीतर समाधान कर संबंधित शिकायतकर्ता को इसकी सूचना देना सुनिश्चित किया जाएगा।
रकसिया नाला बना प्रमुख मुद्दा, संयुक्त निरीक्षण के निर्देश
शिविर में हरिपुर नायक ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों ने रकसिया नाले की समस्या प्रमुखता से उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष नाले की खुदाई के कारण गांव में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
इस पर मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने यूयूएसडीए और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर सात दिनों के भीतर समाधान की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
सड़क, पेयजल, बिजली और अतिक्रमण से जुड़ी समस्याओं पर भी हुई सुनवाई
शिविर में ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत, अतिक्रमण हटाने, विद्युत ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने, पेयजल आपूर्ति तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा।
मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों के साथ मौके पर चर्चा कर कई मामलों का तत्काल समाधान कराया। जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव नहीं था, उन्हें समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश जारी किए गए।
ब्लॉक सभागार के विस्तार का प्रस्ताव तैयार होगा
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने ब्लॉक सभागार की क्षमता बढ़ाने की मांग भी रखी। इस पर प्रभारी सचिव ने संबंधित अधिकारियों को सभागार के विस्तार का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में बड़े आयोजनों और जनसुनवाई कार्यक्रमों का बेहतर संचालन किया जा सके।
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, योजनाओं की दी जानकारी
शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, आयुष, कृषि, डेयरी, पशुपालन, उद्योग, बाल विकास, एनआरएलएम सहित कई विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए।
इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को मौके पर योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
एनआरएलएम की पुस्तक का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान एनआरएलएम विभाग की पुस्तक का विमोचन सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, प्रभारी सचिव चन्द्रेश कुमार यादव, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे, ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़ तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से किया।
इस पुस्तक में विभाग की विभिन्न योजनाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्वरोजगार कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
जिलाधिकारी बोले- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है योजनाओं का लाभ
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान का मूल उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उसकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार यह सुनिश्चित कर रहा है कि शिविरों में आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण हो और लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इनकी रही प्रमुख मौजूदगी
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़ ने की। इस दौरान विधायक बंशीधर भगत, दर्जा राज्यमंत्री योगेश रजवार, मोहनी पोखरिया, मोहन पाठक, दिशा समिति की सदस्य शांति भट्ट, कनिष्ठ प्रमुख कमल भंडारी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, उपजिलाधिकारी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, खंड विकास अधिकारी असगर तनवीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
