श्री पीठम स्थापना महोत्सव के दौरान डोल आश्रम में 1100 कन्याओं का पूजन करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जनपद के डोल स्थित प्रसिद्ध आश्रम में आयोजित श्री पीठम स्थापना महोत्सव के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाग लिया। इस दौरान कार्यक्रम पूरी तरह से आध्यात्मिक वातावरण और भक्ति भावना से सराबोर रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने इस खास मौके पर 1100 कन्याओं का विधिवत पूजन किया और माँ राजेश्वरी का अभिषेक कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति और समृद्ध भविष्य की कामना भी की।
डोल आश्रम पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर का भ्रमण किया और वहां स्थापित विशाल श्रीयंत्र का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह श्रीयंत्र विश्व के सबसे बड़े श्रीयंत्रों में से एक है, जिसे देखकर एक विशेष आध्यात्मिक अनुभूति होती है।

मुख्यमंत्री ने आश्रम के संस्थापक बाबा कल्याणदास की साधना और तपस्या की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से यह स्थान आज वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक चेतना का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि यहां निरंतर आध्यात्मिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जो समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। चारधाम यात्रा में हर साल बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या इसका प्रमाण है कि राज्य में व्यवस्थाएं और सुविधाएं लगातार बेहतर हो रही हैं।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक मोहन सिंह मेहरा, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
