मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने देहरादून में आगामी SIR को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
देहरादून। मुख्य निर्वाचन आयुक्त Gyanesh Kumar ने उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन रविवार को देहरादून स्थित बीजापुर राज्य अतिथि गृह में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेशभर में चल रही तैयारियों, मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान और फील्ड स्तर पर हो रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आगामी SIR प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ संपन्न कराया जाए ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाया जा सके।
“डुप्लीकेट और फर्जी मतदाताओं की होगी पहचान”

बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि SIR का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची से “एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ, डुप्लीकेट और विदेशी मतदाताओं” की पहचान कर सूची का शुद्धिकरण करना है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और पारदर्शी मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव होती है। इसके लिए सभी मतदाताओं का सहयोग बेहद जरूरी है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने प्रदेश के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे आगामी SIR के दौरान अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो उपलब्ध कराएं और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को सही जानकारी देकर सहयोग करें।
उत्तराखंड में प्री-SIR फेज में 89 प्रतिशत मैपिंग पूरी
बैठक में B. V. R. C. Purushottam ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए प्रदेश में अब तक हुई तैयारियों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में प्री-SIR फेज के अंतर्गत अब तक 89 प्रतिशत मैपिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग की तैयारी भी पूरी कर ली गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि डीईओ, डिप्टी डीईओ और ईआरओ/एईआरओ के प्रथम चरण का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, जबकि बीएलओ और अन्य फील्ड स्टाफ का प्रशिक्षण लगातार जारी है।
मतदाता जागरूकता अभियान भी तेज
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में जानकारी दी कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और ईआरओ को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रत्येक सप्ताह राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर फीडबैक लें और समन्वय बनाए रखें।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य सचिव Anand Bardhan, एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, जिलाधिकारी देहरादून Savin Bansal, नवनियुक्त जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल, सीडीओ अभिनव शाह, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
