रुद्रपुर के गांधी मैदान में आयोजित 'खेत बचाओ अभियान' कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसानों के लिए ₹369.66 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
रुद्रपुर। उत्तराखंड के किसानों के लिए शुक्रवार का दिन कई बड़ी सौगातें लेकर आया। ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर स्थित गांधी मैदान में कृषि विभाग द्वारा आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में कृषि एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी तथा जनपद प्रभारी मंत्री एवं परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा भी मौजूद रहे।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक खेती, मृदा संरक्षण, प्राकृतिक कृषि और कृषि अवसंरचना से जुड़ी कई बड़ी योजनाओं की सौगात दी गई। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि कुल 369.66 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।
369.66 करोड़ की विकास योजनाओं को मिली मंजूरी

कार्यक्रम में 46.32 करोड़ की लागत से तैयार 9 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया, जबकि 323.34 करोड़ की लागत वाले 32 नए विकास कार्यों का शिलान्यास हुआ। इन परियोजनाओं का उद्देश्य कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाना, किसानों की आय बढ़ाना और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना है।
शिवराज सिंह चौहान बोले- खेत बचेंगे तो भविष्य बचेगा
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खेतों और मिट्टी का संरक्षण केवल कृषि का विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन और पर्यावरण की सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि मिट्टी स्वस्थ रहेगी तो खेती मजबूत होगी, किसानों की आय बढ़ेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित होगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे मृदा परीक्षण कराकर वैज्ञानिक सलाह के अनुसार उर्वरकों का उपयोग करें और प्राकृतिक खेती को अपनाएं।
मुक्तेश्वर में बनेगा 100 करोड़ का क्लीन प्लांट सेंटर
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने उत्तराखंड के बागवानी क्षेत्र के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि मुक्तेश्वर में 100 करोड़ की लागत से क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित किया जाएगा, जहां से सेब, अखरोट, बादाम सहित उच्च गुणवत्ता वाले रोगमुक्त पौधे तैयार किए जाएंगे।
इसके अलावा—
- बड़ी नर्सरी लगाने वालों को 4 करोड़ तक सहायता
- छोटी नर्सरी के लिए 2 करोड़ तक अनुदान
- चौबटिया (अल्मोड़ा) में 15 करोड़ का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
- न्यूजीलैंड के सहयोग से 15 करोड़ की कीवी विकास परियोजना
का भी ऐलान किया गया।
जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए 65 करोड़
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में किसानों की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक जंगली जानवरों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाना है। इसी को देखते हुए खेतों की घेरबाड़ (फेंसिंग) के लिए ₹65 करोड़ उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके अलावा पूरे प्रदेश में आधुनिक ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन लगाने के लिए 104 करोड़ स्वीकृत किए जाएंगे ताकि किसानों को समय रहते मौसम की सटीक जानकारी मिल सके और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से मिल सके।
मुख्यमंत्री धामी बोले- खेत बचाओ अभियान बनेगा जनआंदोलन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वस्थ किसान, स्वस्थ मिट्टी और मजबूत कृषि व्यवस्था ही विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत की असली पहचान है।
उन्होंने कहा कि “खेत बचाओ अभियान” केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने का एक जनआंदोलन है।
मुख्यमंत्री ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने, मृदा परीक्षण कराने और रासायनिक उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने की अपील की।
किसानों के लिए राज्य सरकार की प्रमुख योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार लगातार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है।
इनमें प्रमुख हैं—
- 3 लाख तक ब्याजमुक्त कृषि ऋण
- नहरों से निःशुल्क सिंचाई
- कृषि यंत्रों पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी
- रेनफेड फार्मिंग परियोजना
- पॉलीहाउस और आधुनिक बागवानी को बढ़ावा
- कोल्ड स्टोरेज और कोल्ड चेन का विस्तार
- सीए स्टोरेज और मेगा फूड पार्क का विकास
- स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की पहल
गणेश जोशी ने रखी किसानों की मांग
कृषि एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कार्यक्रम में किसानों की ओर से कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।
उन्होंने जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए 65 करोड़, जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए 10 करोड़ की अतिरिक्त सहायता तथा मंडुवा और झंगोरा के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) घोषित करने का अनुरोध किया।
जनप्रतिनिधियों और किसानों की रही बड़ी भागीदारी
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, बंशीधर भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, हुकम सिंह कुंवर, रणजीत सिंह नामधारी, उत्तम दत्ता, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, सचिव डॉ. एस.एन. पांडे, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, पंकज उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में किसान और आमजन उपस्थित रहे।
