मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा।
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान यात्रा व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवागमन, स्वास्थ्य सुविधाओं और प्रशासनिक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने मुख्यमंत्री को 20 मई 2026 को आयोजित होने वाले पहले जत्थे के विदाई समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए यात्रा को सफल बनाने का भरोसा दिलाया।
23 मई को खुलेंगे श्री हेमकुंड साहिब के कपाट

गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष ने जानकारी दी कि 23 मई 2026 को श्री हेमकुंट साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। कपाट खुलने के साथ ही देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु इस पवित्र तीर्थ यात्रा में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि परंपरा के अनुसार पहले जत्थे का नेतृत्व पंज प्यारों द्वारा किया जाएगा, जो इस यात्रा की आध्यात्मिक गरिमा और सिख परंपरा का विशेष प्रतीक है।
मुख्यमंत्री धामी बोले- श्रद्धालुओं की सुविधा हमारी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार हेमकुंड साहिब यात्रा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए शासन और प्रशासन लगातार कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर हर जरूरी व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार यात्रा को सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
हर वर्ष की तरह इस बार भी हेमकुंड साहिब यात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। उत्तराखंड सरकार, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन मिलकर यात्रा मार्ग को बेहतर बनाने में जुटे हैं।
गोविंदघाट, घांघरिया और हेमकुंड साहिब मार्ग पर विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके।
धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण यात्रा
हेमकुंड साहिब यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि उत्तराखंड पर्यटन और स्थानीय रोजगार के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। यात्रा सीजन में हजारों स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलते हैं।
