कालाढूंगी के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जन कल्याण शिविर में विधायक बंशीधर भगत और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनकर मौके पर समाधान कराया।
हल्द्वानी। उत्तराखंड सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत शनिवार को कालाढूंगी स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में विशाल जन कल्याणकारी एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ कालाढूंगी के विधायक बंशीधर भगत और उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार ने किया।

शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी जनसमस्याओं को सुनने के साथ-साथ बड़ी संख्या में लोगों को मौके पर ही सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिया गया। प्रशासन के अनुसार शिविर में कुल 190 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 165 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को तय समय सीमा में निपटाने के निर्देश दिए गए।
410 लोगों को मिला सीधा लाभ

जन कल्याण शिविर में करीब 410 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से एक पात्र लाभार्थी को 25 हजार रुपये का सहायता चेक वितरित किया गया।
इसके अलावा 5 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गई। विभिन्न विभागों की ओर से प्रमाण पत्र जारी किए गए, स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की गई।
इन विभागों की समस्याएं प्रमुखता से उठीं
शिविर में लोगों ने सिंचाई, पेयजल, विद्युत, सड़क, भू-कटाव, भूमि विवाद, जल जीवन मिशन, किसान सम्मान निधि, दिव्यांग पेंशन, आय, जाति, स्थायी, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समेत कई विभागों से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं।
विधायक बंशीधर भगत और उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार ने स्वयं शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्रामीणों की प्रमुख समस्याओं पर तत्काल निर्देश
भू-कटाव रोकने के लिए तीन दिन में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
चकलुवा-निहाल नाले से हो रहे भू-कटाव की शिकायत पर सिंचाई विभाग को तीन दिन के भीतर प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। वहीं पुष्कर सिंह की शिकायत पर वन एवं सिंचाई विभाग को संयुक्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।
सिंचाई और पैदल मार्ग की मांग
धमोला निवासी किसान गट्टू राम कंबोज ने सिंचाई सुविधा और गांव में पैदल मार्ग निर्माण की मांग उठाई। उपजिलाधिकारी ने सिंचाई एवं नलकूप विभाग को तत्काल कार्रवाई तथा वन विभाग एवं विकास खंड को स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
सड़क और बिजली समस्याओं पर भी कार्रवाई
महेश चंद सती द्वारा सार्वजनिक मार्ग की खराब स्थिति की शिकायत पर शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए गए। गुलजारपुर बाकी गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने की मांग पर संबंधित विभाग को जल्द कार्य पूरा करने को कहा गया।
नयागांव-बाजपुर मार्ग पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग पर लोक निर्माण विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
देवलचौड़ में जल जीवन मिशन के कार्य से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत के लिए लोनिवि और पेयजल विभाग को तत्काल निर्देश दिए गए।
डाक बंगला वार्ड-2 और अन्य क्षेत्रों में विद्युत पोल एवं बिजली आपूर्ति की शिकायतों पर विद्युत विभाग को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
पेंशन और किसान सम्मान निधि की शिकायतों का ऑनलाइन समाधान
देवलचौड़ के कई लाभार्थियों ने दिव्यांग पेंशन और किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। संबंधित विभागों ने शिविर स्थल पर ही ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर मामलों का निस्तारण किया।
सीमा देवी की SECC प्रमाण पत्र संबंधी समस्या का भी मौके पर समाधान किया गया। वहीं आय, स्थायी, आधार और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए तहसील और विकास विभाग को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी उठी मांग
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी में चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ की कमी का मुद्दा भी शिविर में उठाया गया। विधायक बंशीधर भगत ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि इस संबंध में शासन स्तर पर जल्द कार्रवाई कराई जाएगी।
सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
शिविर में उद्योग, कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, समाज कल्याण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति समेत कई विभागों के स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दल दीपक सुयाल एंड पार्टी ने लोकगीतों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। सूचना विभाग की ओर से प्रचार सामग्री का भी वितरण किया गया।
विधायक बोले- हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार का लक्ष्य
विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बिना किसी परेशानी के सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। इसी सोच के साथ प्रशासन गांव-गांव और जनता के द्वार तक पहुंचकर ऐसे जन कल्याण शिविर आयोजित कर रहा है।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
शिविर में दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा कत्यूरा, कनिष्ठ उप प्रमुख अपूर्वा बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश पांडे, उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार, तहसीलदार पूजा शर्मा, खंड विकास अधिकारी श्वेता, अधिशासी अधिकारी अभिनव कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
