मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आपदा प्रभावित थराली क्षेत्र का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी तरह से प्रभावितों के साथ खड़ी है और युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य जारी हैं।

उन्होंने कुलसारी में बनाए गए राहत शिविर का निरीक्षण कर प्रभावितों से बातचीत की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत शिविरों में ठहरे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों और पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकान मालिकों को तत्काल 5-5 लाख की सहायता राशि उपलब्ध कराने तथा बेघर परिवारों के पुनर्वास की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि प्रभावितों को सुरक्षित शिविरों में ठहराया गया है और भोजन, चिकित्सा सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों को सुचारू कर दिया गया है, जबकि बिजली व पेयजल आपूर्ति बहाल करने का कार्य तेज़ी से चल रहा है।

इस मौके पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार सहित प्रशासन व पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।
