शुभम बधानी का नेशनल चेंजमेकर मीट-2025 में हुआ चयन
नैनीताल। नैनीताल जिले की चर्चित घोड़ा लाइब्रेरी पहल लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रही है। इस अनोखी पहल के संस्थापक शुभम बधानी का चयन अब नेशनल चेंजमेकर मीट-2025 के लिए हुआ है, जो 4 से 7 सितंबर 2025 तक गुजरात के पालनपुर में आयोजित होने जा रहा है।

शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शुभम को यह अवसर मिला है। उनका चयन आसान नहीं था—तीन चरणों की चयन प्रक्रिया और साक्षात्कार के बाद उन्हें इस राष्ट्रीय आयोजन में जगह मिली। नेशनल चेंजमेकर मीट में देशभर से चुनिंदा व्यक्तियों को आमंत्रित किया जाता है, जिन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव की मिसाल कायम की है। शुभम बधानी ने बताया कि इस सेमिनार में शिक्षा, सामाजिक सुधार और नवाचार जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्ट लोग शामिल होंगे।
घोड़ा लाइब्रेरी: एक अनोखी पहल

शुभम बधानी की घोड़ा लाइब्रेरी ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों तक किताबें पहुँचाने का अभिनव प्रयास है। इस पहल ने शिक्षा की रोशनी उन बच्चों तक पहुंचाई है, जो संसाधनों की कमी के कारण पुस्तकालयों तक नहीं पहुंच पाते। अब नेशनल चेंजमेकर मीट में शुभम बधानी की भागीदारी न सिर्फ नैनीताल जिले, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण है।
