मुख्य शिक्षा अधिकारी के खिलाफ शिक्षकों का जबरदस्त धरना-प्रदर्शन
भीमताल। नैनीताल जिले में मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जयसवाल की कार्यप्रणाली के खिलाफ आज सैकड़ों शिक्षकों ने शिक्षा भवन भीमताल में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष मनोज तिवारी की अध्यक्षता में हुए इस धरने में प्राथमिक शिक्षक संघ, राजकीय शिक्षक संघ और जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के पदाधिकारियों व सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

शिक्षकों ने आरोप लगाया कि सीईओ ने मनमानी और तानाशाही रवैया अपनाया हुआ है। उन पर बिना कारण डेढ़ हजार से अधिक शिक्षकों का वेतन रोकने, आपदा के दौरान जिलाधिकारी के आदेशों को नजरअंदाज करने, कार्यालय से गायब रहने, फोन और संदेशों का जवाब न देने, तथा कार्यालय में नियमविरुद्ध नियुक्तियां करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए।
धरना स्थल पर सभी वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। शिक्षकों ने मांग की कि या तो सीईओ अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं, अन्यथा उन्हें जनपद से बाहर स्थानांतरित किया जाए। कार्यक्रम के अंत में आक्रोशित शिक्षकों ने सीईओ का पुतला दहन किया। धरने का संचालन बंशीधर कांडपाल, पंकज बुधानी और डॉ. डी.एन. भट्ट ने संयुक्त रूप से किया।

