बीजेपी कार्यकर्ताओं का कांग्रेस विधायकों के खिलाफ गुस्सा फूटा
देहरादून। गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस विधायकों द्वारा किए गए अनुशासनहीन, गैर-लोकतांत्रिक और अमर्यादित व्यवहार को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा विरोध जताया है। इसी कड़ी में आज प्रदेशभर के विभिन्न जिलों और नगरों में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विधायकों का पुतला दहन कर अपना आक्रोश प्रकट किया।

बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि विधानसभा जैसी गंभीर संस्था में कांग्रेस विधायकों का आचरण लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है और जनता का अपमान है। उनका आरोप है कि कांग्रेस विधायक जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय हंगामे और अव्यवस्था फैलाने का काम कर रहे हैं।
प्रदेशभर में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर जनता की भावनाओं से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र को ठेस पहुंचाने वाले इस तरह के कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बीजेपी नेताओं ने साफ कहा कि कांग्रेस विधायकों को अपने इस अमर्यादित व्यवहार के लिए प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

