अगले 5 दिन भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना
देहरादून। उत्तराखंड में अगले पाँच दिनों के लिए मौसम विभाग ने बड़ी चेतावनी जारी की है। 23 अगस्त से 27 अगस्त 2025 तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज़ से अति तेज़ बौछारों के आसार जताए गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, खासकर देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पौड़ी, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। इन जिलों में बारिश के चलते भूस्खलन, सड़क बंद होने, नदियों व नालों में जलस्तर बढ़ने जैसी स्थितियां बन सकती हैं।
विभाग ने लोगों को आगाह किया है कि वे नदियों-नालों के किनारे जाने से बचें और यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतें। साथ ही, बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले मैदानों और ऊँचे स्थानों पर अनावश्यक रूप से न रुकें। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और पुलिस प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी किए जा रहे निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

