कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश और पुलिस प्रशासन के बीच नया विवाद खड़ा हो गया है। शुक्रवार सुबह जैसे ही विधायक की आंख खुली, उन्होंने देखा कि उनकी सुरक्षा में तैनात पुराने भरोसेमंद गनर की जगह एक नया पुलिस गनर खड़ा है। इस पर विधायक सुमित हृदयेश ने नाराज़गी जताते हुए आरोप लगाया कि जिले के पुलिस कप्तान प्रहलाद नारायण मीणा ने जानबूझकर उनका गनर बदला है। उनका कहना है कि गनर बदलने के पीछे मकसद उनकी राजनीतिक गतिविधियों की जासूसी करना है।

सुमित हृदयेश ने कहा कि यह सब जिला पंचायत चुनाव में पुलिस कप्तान की नाकामी को छिपाने के लिए किया जा रहा है। मेरी मूवमेंट की जानकारी पुलिस कप्तान तक पहुंचाने के लिए मेरे गनर को बदला गया है। गुस्से में विधायक ने नया गनर लेने से इनकार करते हुए उसे वापस लौटा दिया।
उन्होंने साफ कहा कि अगर पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षा के बहाने उनपर नजर रखेगा तो वे गनर नहीं रखेंगे। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में उनके साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार और नैनीताल जिले के पुलिस कप्तान की होगी। इस पूरे घटनाक्रम ने हल्द्वानी की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया है और विधायक व पुलिस प्रशासन आमने-सामने नजर आ रहे हैं।

