पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत
देहरादून। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने उत्तराखंड की मौजूदा राजनीतिक व सामाजिक स्थिति पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दलालों का तंत्र गहराई तक फैल चुका है और इससे निजात पाने के लिए राजनीतिक दलों को गंभीर मंथन करना होगा।

हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड में आज दलालों की एक फौज खड़ी हो गई है, जो सत्ता में आने वाले हर दल के साथ खड़ी दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी की सरकार बनती है, उसके इर्द–गिर्द यही दलाल मंडराने लगते हैं और सत्ता को खोखला करने लगते हैं।ऐसे तंत्र को खत्म करना अब जरूरी हो गया है।
पूर्व सीएम ने कहा कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से चल रही है। उन्होंने दुख जताया कि हाल ही में एक युवक की मौत का मामला सामने आया, जिसमें वीडियो वायरल होने से सच्चाई सामने आ सकी। पूर्व सीएम ने कहा कि सोचिए, ऐसे कितने लोग होंगे जो आज भी चुपचाप घुट रहे होंगे और उनकी आवाज बाहर नहीं आ पाती होगी। हरीश रावत ने दो टूक कहा कि अब समय आ गया है कि सभी राजनीतिक दल आत्ममंथन करें और इस दलाल तंत्र को खत्म करने के लिए ठोस कदम उठाएं।

