नैनीताल में ADG अपराध ने की समीक्षा बैठक
नैनीताल। उत्तराखंड के एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था श्री वी. मुरुगेशन ने गुरुवार (21 अगस्त 2025) को पुलिस लाइन नैनीताल के मीटिंग हॉल में कुमाऊं परिक्षेत्र के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में कुमाऊं रेंज के जिलों में घटित अपराधों, उनकी विवेचना और अपराधियों की गिरफ्तारी पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान एडीजी ने पुलिस अधिकारियों को कई सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि –
महिला अपराधों खासकर अपहरण मामलों का गंभीरता से अनावरण कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। महिला अपराधों की विवेचना संवेदनशीलता के साथ की जानी चाहिए।
चोरी और नकबजनी के मामलों का शीघ्र निस्तारण कर आरोपियों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी व बरामदगी सुनिश्चित की जाए।
अवैध असलहों और नशे की सप्लाई चेन पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए। सभी जनपदों में सघन चेकिंग कर नशा तस्करों और अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए।
साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए 1930 हेल्पलाइन को प्रभावी बनाया जाए और पीड़ितों की संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित की जाए।
लंबित विवेचनाओं और विभागीय कार्यवाहियों का निस्तारण समय पर किया जाए।
जनपदों में बरामद अज्ञात शवों की शिनाख्त की कार्रवाई भी प्राथमिकता से की जाए।

एडीजी ने निर्देश दिया कि विवेचनात्मक कार्यवाहियों में पूरी पारदर्शिता रखी जाए और जनपद प्रभारी अपने अधीनस्थों के कार्यों की नियमित समीक्षा करें। इस समीक्षा बैठक में आईजी कुमाऊं परिक्षेत्र श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल, एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा, एसएसपी ऊधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा, एसएसपी अल्मोड़ा देवेंद्र पींचा, एसपी पिथौरागढ़ अशोक ए गणपति एवं रेखा यादव, एसपी बागेश्वर आर. चंद्रशेखर घोड़के और एसपी क्राइम ऊधमसिंहनगर निहारिका तोमर मौजूद रहे।
