सीएम धामी ने केंद्रीय खेल मंत्री से की मुलाकात
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड में खेलों के व्यापक विकास, उच्च स्तरीय खेल अधोसंरचना के निर्माण और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण व सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा की और केंद्र से सहयोग का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन में केंद्र सरकार से मिले सहयोग के लिए प्रदेशवासियों की ओर से आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस खेल महाकुंभ ने उत्तराखण्ड को ‘खेलभूमि’ के रूप में नई पहचान दिलाई है। सीएम धामी ने केंद्रीय मंत्री से अल्मोड़ा के डीनापानी में उच्च स्तरीय खेल सुविधा, देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आइस स्केटिंग रिंग का संचालन, नई टिहरी में साहसिक प्रशिक्षण केंद्र का उच्चीकरण, चंपावत के महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में इंडोर आर्टिफिशियल रॉक क्लाइम्बिंग की सुविधा और राज्य के 95 विकासखंडों में बहुउद्देशीय क्रीड़ाहॉल स्थापित करने जैसे प्रस्तावों को स्वीकृति देने का अनुरोध किया।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है, जो खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ शैक्षणिक कोर्सेज़ भी उपलब्ध कराएगा। मुख्यमंत्री ने इसे देश का अग्रणी खेल संस्थान बनाने हेतु केंद्र सरकार से आर्थिक सहयोग का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया ने मुख्यमंत्री को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

