योगा ट्रेनर ज्योति मेर हत्याकांड का खुलासा
हल्द्वानी। हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में योगा ट्रेनर ज्योति मेर हत्याकांड का पुलिस ने आखिरकार 22 दिन बाद खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी अभय कुमार उर्फ राजा यदुवंशी (24 साल), निवासी वाल्मीकि नगर, बिहार को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला
3 अगस्त 2025 को ज्योति मेर की मां ने थाना मुखानी में तहरीर दी थी। उन्होंने संदेह जताया था कि उनकी बेटी की हत्या अजय यदुवंशी व उसके भाई अभय यदुवंशी ने की है। ज्योति मेर हल्द्वानी के झटड स्कूल के पास स्थित अजययोगाएंडफिटनेससेंटर में ट्रेनर के रूप में कार्यरत थीं।

जांच और गिरफ्तारी
एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर बनी पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें एक संदिग्ध व्यक्ति को घटनास्थल से बाहर निकलते देखा गया। पहचान होने पर पुलिस ने दबिश दी और लोकेशन ट्रैक करते हुए नेपाल तक टीम भेजी गई। 19 अगस्त को आरोपी को नगला तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी का खुलासा
पूछताछ में अभय ने बताया कि योगा सेंटर में कामकाज का जिम्मा वही संभालता था। इस दौरान ज्योति और उसके बड़े भाई अजय के बीच संबंध बनने के कारण अजय ने उसे खर्चा देना बंद कर दिया और घर से निकाल दिया। इसी रंजिश में उसने ज्योति की उसके कमरे में मौजूद दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी और वारदात के बाद नेपाल भाग गया।
बरामदगी
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा आरोपी से बरामद किया है।
पुलिस टीम को इनाम
हत्याकांड का सफल अनावरण करने पर पुलिस टीम को 2,500 रुपए का इनाम दिया गया है।
