मुख्यमंत्री धामी ने पेश किया 5,315 करोड़ का अनुपूरक बजट
भराड़ीसैंण (गैरसैंण)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को विधानसभा सत्र में 5,315 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश किया। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास“ के मंत्र को आत्मसात करते हुए तैयार किया गया है।

समावेशी और सतत विकास पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि सतत विकास, समावेशी विकास, नवाचार और आर्थिक सुदृढ़ता की दिशा में राज्य सरकार का संकल्प है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फोकस राज्य की मानव पूंजी में निवेश और हर वर्ग के समावेशी विकास पर है। इसमें किसानों, श्रमिकों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं, सुरक्षा बलों और पत्रकारों के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है।

कल्याणकारी योजनाओं के लिए प्रावधान
- विद्युत टैरिफ सब्सिडी
- स्वास्थ्य योजनाएं
- प्रधानमंत्री आवास योजना
- पुलिसकर्मियों के आवास
- तीमारदारों के विश्राम गृह
- शहीद एवं पत्रकार कल्याण कोष
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा न्यूनीकरण और पर्यावरणीय संतुलन को भी प्राथमिकता दी गई है। भू-धसाव, भूकंप जोखिम, स्प्रिंग मैपिंग और आपदा राहत के लिए प्रभावी बजटीय प्रावधान किए गए हैं।

इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यटन विकास
सरकार ने कई बड़े प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता दी है, जिनमें शामिल हैं –
- रिस्पना-बिन्दाल एलिवेटेड रोड
- पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार
- कुंभ मेला अवसंरचना
- पर्यटन विकास परियोजनाएं
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार ऋषिकेश को योगनगरी और हरिद्वार को आध्यात्मिकपर्यटननगरी के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, नन्दा राजजात यात्रा और शारदा रिवर फ्रंट जैसे सांस्कृतिक व धार्मिक आयोजनों को भी विशेष बढ़ावा दिया जाएगा।
जनता से आह्वान
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह अनुपूरक बजट नएउत्तराखंड की दिशा में एक और मजबूत कदम है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि मैं राज्य की जनता से आह्वान करता हूं कि इस विकास यात्रा में हमारा साथ दें।
