हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश
नैनीताल। नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर हाईकोर्ट में चल रही सुनवाई अब कांग्रेस के लिए संजीवनी का काम करती दिख रही है। पार्टी इस मामले को आगामी विधानसभा सत्र में जोरदार तरीके से उठाने की तैयारी में है। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि चाहे नैनीताल जिला पंचायत का मामला हो या फिर प्रदेश की कानून व्यवस्था, कांग्रेस इस बार सरकार को हर मोर्चे पर कठघरे में खड़ा करेगी।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि प्रदेश में लगातार आ रही प्राकृतिक आपदाओं को लेकर सरकार का रवैया संवेदनशील नहीं रहा, वहीं हल्द्वानी में अतिक्रमण हटाने के नाम पर लोगों के घर तोड़ना जनता के साथ अन्याय है। सुमित हृदयेश ने नैनीताल पुलिस पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या हाईकोर्ट की फटकार के बाद नैनीताल पुलिस रेनकोटधारी गुंडों को गिरफ्तार करेगी या फिर कोई नया बहाना ढूंढेगी?
कांग्रेस का कहना है कि नैनीताल जिला पंचायत चुनाव केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला विषय है। इसलिए विधानसभा सत्र में यह मुद्दा पूरे दमखम से गूंजेगा।

