हर्षिल-धराली आपदा प्रभावित क्षेत्र में राहत कार्य तेज
उत्तरकाशी। हर्षिल और धराली आपदा प्रभावित क्षेत्र में खाद्यान्न और आवश्यक उपयोग की सभी वस्तुओं की आपूर्ति लगातार जारी है। ITBP मातली तथा चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी से हेली सेवा के माध्यम से रसद पहुंचाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

शनिवार को जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशांत आर्या और पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पहुंचे। उन्होंने यहां चल रहे रेस्क्यू कार्यों और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भेजी जा रही राहत सामग्रियों की तैयारियों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने राहत कार्यों में जुटे अधिकारियों को खाद्यान्न व जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही आपदा प्रभावित क्षेत्र में भेजी जा रही सामग्रियों के भंडारण और रख-रखाव की व्यवस्था को दुरुस्त करने पर भी जोर दिया।
वायु सेना के हेलीकॉप्टरों से सप्लाई
आपदा के बाद से सड़क कनेक्टिविटी बाधित होने के चलते राहत सामग्री पहुंचाने के लिए वायु सेना के चिनूक, एमआई-17 और एएलएच हेलीकॉप्टर लगातार सप्लाई कर रहे हैं। इन हेलीकॉप्टरों के जरिए हर्षिल और धराली क्षेत्र में खाद्यान्न व जरूरी वस्तुएं पहुंचाई जा रही हैं ताकि स्थानीय लोगों को किसी तरह की कमी न हो।
