मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया और फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अपर पुलिस महानिदेशक अजय प्रकाश अंशुमान को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया। इसके अलावा विभिन्न श्रेणियों में मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक और विशिष्ट कार्य हेतु सम्मान पुलिस, फायर सर्विस और खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदान किए।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं

- मिड-डे मील योजना के तहत जिन विद्यालयों में गैस सिलेंडर और चूल्हा उपलब्ध नहीं हैं, वहाँ 2 गैस सिलेंडर और 1 चूल्हा उपलब्ध कराया जाएगा।
- जिन विधानसभा क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति में कठिनाई है, वहाँ प्रत्येक क्षेत्र में 10 हैंडपंप स्थापित किए जाएंगे।
- ग्राम चौकीदार और ग्राम प्रहरी के मानदेय में ₹1,000 की वृद्धि।
- सैनिक कल्याण विभाग के ब्लॉक प्रतिनिधियों के मानदेय में ₹2,000 की वृद्धि।
- दूरस्थ व रोजगारमूलक उच्च शिक्षा के लिए जनपद स्तर पर विशेष शैक्षणिक केंद्र स्थापित होंगे, जिनका संचालन उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय करेगा।
- गंगोत्री ग्लेशियर सहित हिमालयी ग्लेशियरों का नियमित अध्ययन और आपदा प्रबंधन विभाग को और मजबूत करना।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर वीर बलिदानियों, स्वतंत्रता सेनानियों और उत्तराखण्ड आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने उत्तरकाशी के धराली सहित राज्य के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के प्रति संवेदना व्यक्त की और पुनर्वास कार्यों को तेज़ी से करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक पूर्ण विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
