बागेश्वर में नशा मुक्ति अभियान की पांचवीं वर्षगांठ
बागेश्वर। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन 2025 के तहत “नशा मुक्ति अभियान” की पांचवीं वर्षगांठ पर बुधवार को जिला प्रशासन, पुलिस और समाज कल्याण विभाग ने संयुक्त रूप से बाइक रैली का आयोजन किया। तहसील गेट से शुरू हुई इस रैली को जिलाधिकारी आशीष भटगई और पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोडके ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर डीएम ने सभी उपस्थित लोगों को नशा न करने की शपथ भी दिलाई।

रैली का मार्ग तहसील गेट से गोमती पुल, एसबीआई तिराहा, मुख्य बाजार, सरयू पुल, डिग्री कॉलेज रोड और पीडब्ल्यूडी तिराहे होते हुए वापस तहसील गेट तक रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों, युवाओं, वाहन चालकों और व्यापारियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उनसे दूर रहने का संदेश देना था। प्रतिभागियों को शराब, चरस, स्मैक व अन्य मादक पदार्थों से होने वाले शारीरिक, पारिवारिक और सामाजिक नुकसान के बारे में भी जानकारी दी गई।
रैली में सीओ अजय साह, कोतवाली पुलिस, यातायात पुलिस, पुलिस दूरसंचार, पुलिस लाइन, फायर स्टेशन के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

