फर्जी ऐप बनाकर अभिभावकों से ठगी
देहरादून। राजधानी देहरादून में एक नामी स्कूल के नाम पर फर्जी मोबाइल एप तैयार कर अभिभावकों से धोखाधड़ी करने के मामले में उत्तराखंड STF ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

एसएसपी STF नवनीत सिंह भूल्लर ने बताया कि आरोपियों ने विद्यालय के आधिकारिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म “SchoolPad” ऐप की हूबहू कॉपी तैयार की। इसके बाद तकनीकी तरीके से असली प्लेटफॉर्म को हैक कर उसमें सेंध लगाई गई और तीनों शाखाओं सिटी कैंपस, रिवरसाइड और मोहाली के विद्यार्थियों का नाम, संपर्क विवरण और लॉगिन जानकारी चुरा ली गई।
इन डाटा का इस्तेमाल करते हुए आरोपियों ने “सक्षम रोबोटिक्स लैब” शुल्क के नाम पर ₹4,990 जमा करने का फर्जी संदेश छात्रों और अभिभावकों को भेजा। संदेश को इस तरह डिजाइन किया गया कि वह स्कूल की आधिकारिक सूचना लगे, जिससे अभिभावक आसानी से भ्रमित हो जाएं और ठगी का शिकार बनें।

STF का कहना है कि इस साइबर धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए गए सभी डिजिटल उपकरण, सर्वर लॉग और लेन-देन के सबूत जब्त कर लिए गए हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसके जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
