महिलाओं के लिए देश के कई राज्यों में मुफ्त बस सेवा
दिल्ली। रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक पर्व है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और भाई उनकी सुरक्षा और खुशहाली का वचन देते हैं। भाई-बहन के इस पवित्र बंधन को और भी खास बनाने के लिए देश के कई राज्य सरकारों ने इस बार महिलाओं और बेटियों के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया है।

यूपी में तीन दिन फ्री यात्रा
उत्तर प्रदेश सरकार ने 8 अगस्त की रात 12 बजे से 10 अगस्त की रात 12 बजे तक तीन दिन के लिए सभी रोडवेज बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की है। इसमें एसी, नॉन-एसी, वोल्वो और साधारण सभी तरह की बसें शामिल होंगी।
राजस्थान में दो दिन का फ्री सफर
राजस्थान रोडवेज ने 8 और 9 अगस्त को महिलाओं को मुफ्त यात्रा का लाभ देने की घोषणा की है। यहां पर महिलाओं को राज्य की सीमाओं के भीतर कहीं भी जाने के लिए किराया नहीं देना होगा।
हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और ट्राईसिटी में भी खास इंतजाम
- हरियाणा में 9 अगस्त को राज्य परिवहन की सभी बसों में महिलाओं के लिए फ्री यात्रा होगी।
- मध्य प्रदेश में भी रक्षाबंधन के दिन महिलाओं और बेटियों को प्रदेश के भीतर यात्रा के लिए किराया नहीं देना पड़ेगा।
- उत्तराखंड में रक्षाबंधन पर रोडवेज ने महिलाओं के लिए विशेष बस सेवाएं चलाई हैं, साथ ही फ्री यात्रा की सुविधा दी गई है।
- ट्राईसिटी (चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला) में चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (CTU) ने महिला यात्रियों के लिए 9 अगस्त को फ्री राइड की सुविधा की घोषणा की है।
उद्देश्य
सरकारों का कहना है कि इन योजनाओं का उद्देश्य रक्षाबंधन जैसे पारिवारिक पर्व पर महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करना है, ताकि वे आसानी से अपने भाइयों और परिवार से मिल सकें।
