बीजेपी ने मंजू गौड़ को बनाया प्रत्याशी
हल्द्वानी। उत्तराखंड पंचायत चुनावों की सरगर्मियों के बीच नैनीताल जिले के सबसे चर्चित हल्द्वानी ब्लॉक से भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा फैसला लेते हुए मंजू गौड़ को ब्लॉक प्रमुख पद के लिए अपना आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया है। मंजू गौड़ ने हाल ही में कामलुवागांजा मेहता घुनी नंबर-1 सीट से क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव जीतकर सबका ध्यान खींचा था। उनकी जीत के बाद पार्टी संगठन ने उन्हें ब्लॉक प्रमुख पद की दौड़ में सबसे मजबूत दावेदार मानते हुए प्रत्याशी घोषित किया।

मंजू गौड़ ने किया जीत का दावा
प्रत्याशी बनाए जाने के बाद मंजू गौड़ ने कहा कि मेरे पास हल्द्वानी ब्लॉक प्रमुख पद के लिए पर्याप्त समर्थन है। क्षेत्र पंचायत सदस्य मेरे साथ हैं और जनता का आशीर्वाद मेरे साथ है। मेरी जीत तय है। साथ ही उन्होंने संगठन के प्रति आभार जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत और लालकुआं विधायक डॉ. मोहन बिष्ट का विशेष धन्यवाद किया।

समर्थकों में खुशी की लहर
जैसे ही बीजेपी की ओर से लिस्ट जारी कर मंजू गौड़ के नाम की घोषणा हुई, उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। हल्द्वानी के विभिन्न क्षेत्रों में मिठाइयाँ बांटी गईं और विजय संकल्प का उद्घोष किया गया।
