सीएम धामी पहुंचे आपदा प्रभावित धराली
धराली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उत्तरकाशी जनपद के आपदा प्रभावित धराली और हर्षिल क्षेत्रों का दौरा कर राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार और पूरा प्रदेश उनके साथ खड़ा है।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की माताओं और बहनों से सीधे संवाद करते हुए उनके साहस और धैर्य की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि फंसे हुए श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि मोबाइल नेटवर्क बहाल हो चुका है, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तेज़ी से चल रही है और गंगनानी के पास बेली ब्रिज का निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो चुका है।

साड़ी के पल्लू से बांधी सीएम धामी को राखी
धराली में निरीक्षण के दौरान एक बेहद भावुक क्षण सामने आया, जब एक बहन ने मुख्यमंत्री की कलाई पर अपनी साड़ी का फाड़ा हुआ किनारा राखी के रूप में बांध दिया। मुख्यमंत्री ने भाव-विभोर होकर कहा कि ना थाली, ना चंदन—सिर्फ कपड़े का एक टुकड़ा, लेकिन उसमें रिश्ते का सच्चा एहसास, सुरक्षा का वचन और मानवता का सबसे सुंदर रूप समाया था। यह राखी भरोसे, अपनत्व और उस रिश्ते का प्रतीक है जो खून से नहीं, दिल से जुड़ता है। मुख्यमंत्री ने इसे अपनी ज़िंदगी की सबसे भावुक राखियों में से एक बताया और कहा कि वह उस बहन की प्रार्थना और विश्वास को पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बहाल करने का भरोसा
मुख्यमंत्री धामी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही क्षेत्र की संपूर्ण कनेक्टिविटी बहाल कर दी जाएगी और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि राहत सामग्री की आपूर्ति में कोई कमी न रहे और हर परिवार तक सरकारी सहायता पहुंचाई जाए।
