रुद्रपुर के त्रिशूल चौक पर आदि कैलाश यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रुद्रपुर। आदि कैलाश यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं के दल का शुक्रवार को रुद्रपुर के त्रिशूल चौक पर भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर संघ चालक सुशील सिंघला के नेतृत्व में यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं का महापौर विकास शर्मा की अगुवाई में फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया। इस दौरान यात्रियों ने चौक पर स्थापित विशाल त्रिशूल के दर्शन कर पुष्प अर्पित किए और इस स्थल की भव्यता की सराहना की।

“त्रिशूल चौक शहर की नई आध्यात्मिक पहचान बन रहा है”
यात्रियों ने कहा कि त्रिशूल चौक का आकर्षक स्वरूप शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करता है। उन्होंने इसे श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बताते हुए कहा कि कुमाऊं और पर्वतीय क्षेत्रों के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह विशेष आकर्षण का स्थान बन चुका है।

सुशील सिंघला ने महापौर के नेतृत्व की सराहना की
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर संघ चालक सुशील सिंघला ने कहा कि वर्ष 2006 में रुद्रपुर में आयोजित संघ के एक प्रशिक्षण शिविर के दौरान उन्होंने विकास शर्मा को प्रशिक्षण प्राप्त करते हुए देखा था। उसी समय उनकी नेतृत्व क्षमता और कार्यशैली की झलक दिखाई देने लगी थी।
उन्होंने कहा कि संगठन ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और आज वे महापौर के रूप में शहर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व में त्रिशूल चौक का विकास रुद्रपुर की नई पहचान बन गया है।
महापौर बोले- रुद्रपुर को आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि यह दिन दोहरी खुशी का अवसर है। एक ओर आदि कैलाश यात्रा पर श्रद्धालुओं का दल यहां से रवाना हो रहा है, वहीं दूसरी ओर रुद्रपुर के पूर्व मेयर रामपाल सिंह राज्य मंत्री का दायित्व ग्रहण करने के लिए देहरादून जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा रामपाल सिंह को राज्य मंत्री का दायित्व दिया जाना उनके लंबे जनसेवा अनुभव और कार्यों पर विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य स्तर पर भी उनका अनुभव प्रदेश के विकास में उपयोगी साबित होगा।
डमरू चौक और शिव कॉरिडोर पर भी होगा काम
महापौर ने कहा कि शहर को धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से नई पहचान देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। त्रिशूल चौक के बाद अब डमरू चौक और शिव कॉरिडोर के निर्माण की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।
इसके अलावा शहर में आकर्षक प्रवेश द्वार विकसित करने और तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए अतिथि गृह बनाने की भी योजना तैयार की गई है।
“रुद्रपुर बनेगा पर्यटन और तीर्थाटन का प्रमुख प्रवेश द्वार”
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि रुद्रपुर कुमाऊं क्षेत्र का प्रवेश द्वार है और आने वाले समय में यह शहर पर्यटन एवं तीर्थाटन के क्षेत्र में विशेष पहचान बनाएगा। उनका कहना था कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु यहां से सकारात्मक अनुभव और अच्छी यादें लेकर जाएंगे।
रामपाल सिंह ने त्रिशूल चौक की अवधारणा की सराहना की
दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि महापौर विकास शर्मा ने दूरदर्शी सोच के साथ इस स्थल को त्रिशूल चौक के रूप में विकसित कर शहर को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के त्रिशूल की स्थापना शहर के लिए गौरव का विषय है और यह स्थान लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।
उन्होंने धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों के माध्यम से शहर की पहचान मजबूत करने के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
इस अवसर पर राहुल बंसल, सरोज सिंघला, नरेश, पवन, कौशल अग्रवाल, देवभूमि व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, भाजपा मंडल महामंत्री पारस वुघ, गौरव जुयाल, पार्षद विष्णु सिंह, घनश्याम श्यामपुरिया, रोहित मित्तल, पार्षद चिराग कालरा, संदीप वाल्मीकि, एडवोकेट गुरदीप सिंह, प्रहलाद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
