कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने के लिए जिलाधिकारी नैनीताल से नुकसान का सर्वे कराने की मांग की।
भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही ओलावृष्टि से किसानों और बागवानों को हुए भारी नुकसान को लेकर कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने जिलाधिकारी नैनीताल से वार्ता कर प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने जिला प्रशासन से नुकसान का तत्काल आकलन कराने और पात्र किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश देने का आग्रह किया है।

कृषि पर निर्भर हैं हजारों परिवार
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक मुख्य रूप से कृषि और बागवानी आधारित क्षेत्र हैं। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार खेती-किसानी और फल उत्पादन पर निर्भर रहकर अपना जीवनयापन करते हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से लगातार हो रही भारी ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। इससे फल और सब्जी उत्पादकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
फल और सब्जियों की फसलों को हुआ भारी नुकसान
मंत्री कैड़ा ने बताया कि ओलावृष्टि से क्षेत्र में प्लम (आलूबुखारा), खुमानी, टमाटर, मिर्च समेत कई फल एवं सब्जी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कई स्थानों पर तैयार फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं, जिससे किसानों की आय पर सीधा असर पड़ा है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष दो बार हुई ओलावृष्टि ने किसानों पर दोहरी मार डाली है। पहले से मौसम की मार झेल रहे किसानों के सामने अब आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
गांव-गांव जाकर हो नुकसान का सर्वे
कैबिनेट मंत्री ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि जिला प्रशासन, कृषि विभाग और उद्यान विभाग की संयुक्त टीमों को प्रभावित गांवों में भेजा जाए, ताकि वास्तविक नुकसान का आंकलन किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराया जाना चाहिए, जिससे उन्हें राहत मिल सके और वे आगामी सीजन की तैयारियां कर सकें।
किसानों को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा
मंत्री कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति संवेदनशील है और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान के मामलों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
