जिला कार्यालय नैनीताल में मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते एडीएम सौरभ असवाल
नैनीताल। नैनीताल जिले में मानसून के आगमन से पहले जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं प्रशासन) सौरभ असवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों को लेकर व्यापक रणनीति बनाई गई।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि मानसून के दौरान किसी भी प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए पूर्व तैयारी, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित रिस्पॉन्स सबसे अहम होगा।
भूस्खलन और सड़कों पर विशेष फोकस

अपर जिलाधिकारी ने सभी सड़क और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि:
- भूस्खलन संभावित और संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी, पोकलैंड जैसी भारी मशीनें पहले से तैनात रहें
- मशीनों के साथ ऑपरेटर और तकनीकी स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित हो
- तैनात कर्मचारियों के नाम और मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाएं
इसके अलावा सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर जरूरी सुरक्षा कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया।
बिजली और पेयजल व्यवस्था पर सख्ती
विद्युत विभाग को निर्देश दिए गए कि:
- पोल, तार और ट्रांसफार्मर का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए
- बिजली बाधित होने पर तत्काल वैकल्पिक लाइन से आपूर्ति बहाल हो
वहीं, जल संस्थान और पेयजल निगम को निर्देश मिले कि:
- पाइपलाइन की मरम्मत और टंकियों की सफाई समय से पूरी हो
- पाइप और फिटिंग्स का बफर स्टॉक रखा जाए
- जरूरत पड़ने पर पानी के टैंकरों की व्यवस्था तैयार रहे
स्वास्थ्य और खाद्य आपूर्ति की तैयारी
स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि:
- सभी सीएचसी, पीएचसी और उपकेंद्रों में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण हो
- एंटी-वेनम, ओआरएस और जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध रहें
- दुर्गम क्षेत्रों में मेडिकल टीम और एम्बुलेंस पहले से तैनात हों
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को निर्देश दिए गए कि:
- भूस्खलन और दुर्गम क्षेत्रों में तीन महीने का राशन पहले से स्टॉक किया जाए
24×7 कंट्रोल रूम और त्वरित रिस्पॉन्स
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि:
- जिला और तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेंगे
- किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई हो
- रिस्पॉन्स टाइम न्यूनतम रखा जाए
नगर क्षेत्रों में सफाई और सुरक्षा पर जोर
- 15 जून से पहले सभी नालों और नालियों की सफाई पूरी करने के निर्देश
- जर्जर और गिरासू भवनों की पहचान कर नोटिस जारी किए जाएं
- सड़क किनारे सूखे और झुके पेड़ों को हटाया जाए
सिंचाई और भू-कटाव रोकने के उपाय
सिंचाई विभाग को निर्देश दिए गए कि:
- नहरों और गूलों की सफाई प्राथमिकता पर की जाए
- भू-कटाव वाले क्षेत्रों में तटबंध मजबूत किए जाएं
- संवेदनशील स्थानों पर वायर-क्रेट और जियो-बैग की व्यवस्था रखी जाए
राहत शिविरों की तैयारी
प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि:
- चिन्हित राहत शिविरों में खाद्य सामग्री, कंबल, मेडिकल किट और पेयजल की व्यवस्था पहले से हो
- बिजली और रोशनी की सुविधा भी सुनिश्चित की जाए
समीक्षा और निगरानी व्यवस्था
अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि:
- एक सप्ताह के भीतर मानसून कार्ययोजना प्रस्तुत करें
- हर 15 दिन में प्रगति रिपोर्ट दी जाए
बैठक में मौजूद अधिकारी
बैठक में एसपी सिटी जगदीश चन्द्र, नगर आयुक्त हल्द्वानी परितोष वर्मा, उपजिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खालिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जबकि अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
