मुख्यमंत्री आवास में आयोजित जनसुनवाई के दौरान लोगों से संवाद करते सीएम पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि विवाद समेत कई जनहित से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के सामने रखा।

अधिकारियों को सख्त निर्देश—प्राथमिकता पर हो समाधान
मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई में आई सभी शिकायतों और मांगों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर मामले की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और समाधान में किसी प्रकार की देरी या लापरवाही न हो। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों से कहा कि शिकायतों को तुरंत संबंधित विभागों को भेजा जाए और तय समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी देना भी अनिवार्य किया गया है।

जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को उसकी समस्याओं का तेजी और प्रभावी तरीके से समाधान मिले। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई जैसे कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का मजबूत माध्यम हैं, जिससे जमीनी समस्याओं को समझकर ठोस निर्णय लिए जा सकते हैं।
दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास पहुंचाना लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनकल्याण, सुशासन और समग्र विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक समयबद्ध और सरल तरीके से पहुंचाया जाए।
फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने जताया आभार
इस अवसर पर फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है।
आंगनबाड़ी कर्मियों ने भी रखा पक्ष
जनसुनवाई में आंगनबाड़ी कर्मियों ने भी अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री द्वारा सकारात्मक आश्वासन मिलने पर उन्होंने आभार व्यक्त किया।
