हल्द्वानी में 12 करोड़ की लागत से बन रही कैथ लैब का निरीक्षण करते सांसद अजय भट्ट
हल्द्वानी। रविवार को पूर्व रक्षा राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधम सिंह नगर से सांसद अजय भट्ट ने हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी चिकित्सालय में बन रही अत्याधुनिक कार्डियक कैथ लैब का स्थलीय निरीक्षण किया। लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना की प्रगति को लेकर उन्होंने संतोष जताया, लेकिन निर्माण कार्य में पाई गई खामियों पर कड़ा रुख भी अपनाया।

दीवारों में सीलन देख भड़के सांसद, दिए तत्काल सुधार के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सांसद ने कई जगह दीवारों में सीलन (नमी) देखी, जिस पर उन्होंने नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था मंडी परिषद के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तुरंत सुधार करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कैथ लैब में लगने वाली मशीनें अत्यधिक संवेदनशील होती हैं और सीलन के कारण इनके खराब होने का गंभीर खतरा रहता है।

स्वास्थ्य परियोजना में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
सांसद अजय भट्ट ने सख्त शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य तय मानकों के अनुरूप और समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।
डॉक्टरों की तैनाती पर भी जोर, विशेषज्ञ से की फोन पर बात
निरीक्षण के दौरान सांसद ने देश के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. ओपी यादव से फोन पर बातचीत भी की। उन्होंने बताया कि जल्द ही कैथ लैब के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, जिससे कुमाऊं मंडल के लोगों को उन्नत हृदय रोग उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी। इससे न केवल उत्तराखंड बल्कि पड़ोसी राज्यों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा।
अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
सांसद ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जी.एस. तितियाल, एसटीएच के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी, प्रदीप विष्ट, प्रताप रेकवाल, शांति भट्ट सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
