CM धामी का एक्शन प्लान
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि अब उत्तराखंड के सभी सरकारी कार्यालयों में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही आम जनता को भी स्थानीय उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित करने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई है।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी कार्यालयों में उपयोग होने वाली वस्तुएं जैसे स्टेशनरी, फर्नीचर, कपड़े, खानपान से जुड़ी सामग्री आदि में स्थानीय स्तर पर निर्मित और स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश होनी चाहिए कि प्रदेश के शिल्पकारों, कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को बढ़ावा मिले।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोगों को इस अभियान से जोड़ने के लिए मीडिया, शिक्षा संस्थानों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

धामी सरकार की यह पहल स्थानीय उद्योगों, कारीगरों और उद्यमियों को नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम मानी जा रही है। अब देखना होगा कि यह अभियान किस तरह से आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रदेश को मजबूती प्रदान करता है।
