रुद्रपुर में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने के बाद हर्षिता नयाल
हल्द्वानी। हल्द्वानी के गुरु द्रोणा पब्लिक स्कूल की होनहार छात्रा हर्षिता नयाल ने बॉक्सिंग के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। हर्षिता ने 21 मार्च को रुद्रपुर में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में 57 से 60 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

इस शानदार प्रदर्शन के साथ हर्षिता ने आगामी महीने नागपुर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। अब वह राष्ट्रीय स्तर पर अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगी और प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
हर्षिता न केवल खेल के मैदान में बल्कि पढ़ाई और अन्य सह-शैक्षिक गतिविधियों में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रही हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का ही परिणाम है कि उन्होंने कम उम्र में यह बड़ी सफलता हासिल की है।

अपनी इस उपलब्धि का श्रेय हर्षिता ने अपने परिवार, बॉक्सिंग कोच खुशबू बिष्ट और अपने विद्यालय को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और मार्गदर्शन से ही वह इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं। हर्षिता की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। विद्यालय की प्रधानाचार्या, प्रबंधन समिति और शिक्षकों ने हर्षिता को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। साथ ही आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि हर्षिता राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर एक नया इतिहास रचें।
