खटीमा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा में चयनित उत्तराखंड की तीन बेटियों को सम्मानित किया।
खटीमा। उत्तराखंड की बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और मेहनत से प्रदेश का नाम देशभर में रोशन किया है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में चयनित प्रदेश की तीन प्रतिभाशाली बेटियों से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा स्थित अपने निजी आवास नगला तराई में मुलाकात कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने शांभवी तिवारी (किच्छा), प्रिया चौहान (काशीपुर) और सौम्या गर्ब्याल (भीमताल) से संवाद करते हुए उनकी सफलता पर गर्व जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बेटियों की उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले और राज्य के लिए गौरव की बात है।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनीं तीनों बेटियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में से एक है। ऐसे में प्रदेश की बेटियों का इसमें चयन होना उनके समर्पण, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इनकी सफलता प्रदेश के युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने तीनों चयनित अभ्यर्थियों को पुस्तक, स्मृति-चिह्न और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें देश और समाज की सेवा में समर्पित रहने का संदेश दिया।
परिजनों से भी की बातचीत
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चयनित बेटियों के परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे परिवार का समर्थन और संस्कार भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पर्वतारोहण में उपलब्धि पर लता बिष्ट सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद की जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट को भी विशेष रूप से सम्मानित किया। उन्होंने भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा आयोजित अभियान में माउंट चंद्रभागा-13 (6264 मीटर) और माउंट चंद्रभागा-14 (6074 मीटर) पर सफल आरोहण के लिए उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने लता बिष्ट को शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि उत्तराखंड की साहसिक परंपरा और पर्वतारोहण संस्कृति को आगे बढ़ाने वाली है।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें
- जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया
- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति
- मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी
- एएसपी डॉ. उत्तम सिंह नेगी
- उपजिलाधिकारी तुषार सैनी
- प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन
आदि शामिल रहे।
