हल्द्वानी में नकल माफिया का पुलिस ने किया पर्दाफाश
हल्द्वानी। उत्तराखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता को प्रभावित करने की साजिश कर रहे एक बड़े नकल गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। हल्द्वानी पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में इस गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के रहने वाले हैं और एसएससी परीक्षा में नकल कराने की योजना बना रहे थे।

SSP प्रह्लाद मीणा ने किया खुलासा
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी प्रह्लाद मीणा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग हल्द्वानी में परीक्षा में नकल कराने के इरादे से सक्रिय हैं। टीम ने योजना बनाकर छापा मारा और नकल गिरोह के सदस्यों को रंगे हाथों पकड़ा।

बरामद हुए हाईटेक उपकरण
पुलिस को गिरोह के पास से दो लैपटॉप, कई मोबाइल फोन, नकद राशि, चेक और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। ये सभी चीजें नकल कराने के लिए तकनीकी सहायता और संचार साधन के रूप में इस्तेमाल की जानी थीं।
परीक्षा तंत्र को चुनौती
गिरोह का उद्देश्य आगामी SSC परीक्षाओं में अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर उन्हें पास कराने का था। ये आरोपी ऐसे परीक्षार्थियों को टारगेट करते थे, जो परीक्षा पास करने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहते हैं। पुलिस की कार्रवाई ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि नकल माफिया पर कड़ी नजर रखी जा रही है और कोई भी इस तरह की हरकत करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
आगे की कार्रवाई
पुलिस अब इस मामले में तकनीकी जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है। संभावना है कि यह गिरोह एक अंतरराज्यीय नेटवर्क के रूप में काम कर रहा था, जो कई अन्य राज्यों में भी सक्रिय हो सकता है।
