नववर्ष और 31 दिसंबर के जश्न को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर
नैनीताल। 31 दिसंबर और नववर्ष के जश्न को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और यादगार बनाने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रही है। देशभर से बड़ी संख्या में पर्यटकों की आमद को देखते हुए SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में जिलेभर में सख़्त सुरक्षा और यातायात प्रबंधन योजना लागू की गई है। पर्यटकों की सुरक्षा, जाम-मुक्त यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस हर स्तर पर सतर्क है।

भारी पुलिस बल तैनात, ड्रोन और CCTV से कड़ी निगरानी
जिले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

- एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्रा को यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- एसपी संचार रेवाधर मठपाल ड्रोन के माध्यम से शहर और प्रमुख मार्गों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
ड्रोन और CCTV कैमरों की मदद से “तीसरी आंख” हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है, ताकि जाम, अव्यवस्था या किसी भी आपात स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
शटल सेवा से मिलेगी जाम से राहत
पर्यटन सीजन और नववर्ष के दबाव को देखते हुए नैनीताल में नारायण नगर, रूसी-1, रूसी-2 और मस्जिद तिराहा से शटल सेवा संचालित की जा रही है। इस व्यवस्था से पर्यटकों को शहर में आसानी से आने-जाने में सुविधा मिलेगी और मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव भी कम रहेगा।
पार्किंग, बैरियर और वाहन चेकिंग पर खास फोकस
एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्रा स्वयं सभी पार्किंग स्थलों, बैरियरों और ड्यूटी पॉइंट्स का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। इसके साथ ही जनपद की सीमाओं पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों पर सख़्त कार्रवाई की जा रही है।
हुड़दंग और नशाखोरी पर सख़्ती
SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्पष्ट कहा है कि पर्यटक नैनीताल से सुरक्षित यात्रा और अच्छी यादें लेकर लौटें, यही हमारी प्राथमिकता है, लेकिन जश्न की आड़ में हुड़दंग, नशाखोरी या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा तत्काल और सख़्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिशा-सूचक बोर्ड, यात्रियों की सुविधा का ध्यान
बाहर से आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे लोगों को रास्ता ढूंढने में परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
कैंची धाम में भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था
नववर्ष के अवसर पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के साथ-साथ यातायात को भी नियंत्रित रखा जा रहा है।
नैनीताल पुलिस का साफ संदेश
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है— जश्न मनाइए, लेकिन जिम्मेदारी के साथ। सुरक्षा, अनुशासन और सहयोग से ही नववर्ष का यह उत्सव सभी के लिए सुरक्षित और यादगार बन सकता है।
