बनभूलपुरा क्षेत्र में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस का फ्लैग मार्च
हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में 10 दिसंबर (बुधवार) को निर्धारित की गई है। संभावित महत्वपूर्ण फैसले को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख़्त कर दिया है। मंगलवार को पुलिस विभाग ने एरिया डोमिनेशन और फ्लैग मार्च के जरिए पूरे क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।

एरिया डोमिनेशन और पुलिस की कड़ी सुरक्षा
नैनीताल पुलिस द्वारा बनभूलपुरा, ढोलक बस्ती, गफूर बस्ती, इन्द्रानगर, मुजाहिद चौक, शनि बाजार रोड, गोपाल मंदिर और चोरगलिया रोड सहित सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस द्वारा प्रिवेंटिव डिटेंशन, आईडी चेकिंग, और कड़ी रेड-डोमिनेशन की कार्रवाई जारी है।

फ्लैग मार्च में शामिल रहे वरिष्ठ अधिकारी
पुलिस द्वारा निकाले गए फ्लैग मार्च में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी., एडीएम विवेक राय, एएसपी/सीओ दीपशिखा अग्रवाल, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, एसडीएम राहुल शाह सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे। फोर्स ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
पुलिस फोर्स की तैनाती
एएसपी-03
सीओ-04
निरीक्षक/थानाध्यक्ष- 12
उ0नि0/अ0उ0नि0- 45
हे0का0/का0- 400
फायर यूनिट- 04 यूनिट
टियर गैस-04 यूनिट
ड्रोन- 04
पीएसी-03 कंपनी
SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी की अपील
एसएसपी ने कहा कि प्रशासनिक कार्रवाई में किसी प्रकार की बाधा या उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नागरिक सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करें। कानून व्यवस्था बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों पर सख़्त कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग भी जारी है।
