हल्द्वानी से हरिद्वार एलिवेटेड रोड और लालकुआं बाईपास DPR शुरू – कुमाऊं में विकास की नई दिशा
हल्द्वानी। कुमाऊं वासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। नैनीताल–उधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने जानकारी दी है कि हल्द्वानी से हरिद्वार तक एलिवेटेड रोड निर्माण की प्रक्रिया को राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग (NHAI) की मंजूरी मिल गई है। अब परियोजना के लिए DPR (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने का कार्य आधिकारिक रूप से शुरू हो चुका है।

एलिवेटेड रोड से सफर होगा आसान
सांसद अजय भट्ट ने बताया कि DPR तैयार होने के बाद परियोजना के निर्माण के लिए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि एलिवेटेड रोड बनने के बाद हल्द्वानी से हरिद्वार का सफर 2 से 2.5 घंटे में पूरा करना संभव होगा।इससे न सिर्फ स्थानीय लोगों के लिए आवागमन सुगम होगा, बल्कि उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और तीर्थ यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

लालकुआं बाईपास DPR प्रक्रिया शुरू
सांसद ने यह भी बताया कि लालकुआं बाईपास निर्माण को विभाग ने मंजूरी दे दी है। बाईपास के लिए DPR तैयार करने हेतु टेंडर जारी कर दिए गए हैं। इससे लालकुआं क्षेत्र में लगातार बढ़ रही यातायात समस्या और जाम की स्थिति से छुटकारा मिलेगा।
पर्यटन, व्यापार और धार्मिक आस्था को मिलेगी नई ताकत
अजय भट्ट ने कहा कि दोनों परियोजनाएं कुमाऊं क्षेत्र के विकास को गति देने में माइलस्टोन साबित होंगी।
✔ धार्मिक स्थानों तक पहुंच आसान
✔ पर्यटन को मिलेगा बूस्ट
✔ स्थानीय व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को नई रफ्तार
✔ ट्रैफिक दबाव कम, बेहतर सड़क सुरक्षा
उन्होंने विश्वास जताया कि ये योजनाएं आने वाले समय में कुमाऊं की आर्थिक और सामाजिक संरचना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
