जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने हल्द्वानी बेस अस्पताल के आधुनिक ICU का शुभारंभ किया
हल्द्वानी। कुमाऊं मंडल के गंभीर मरीजों के लिए गुरुवार का दिन इतिहास में दर्ज हो गया। हल्द्वानी बेस अस्पताल में 9-बेड का अत्याधुनिक सुपर-स्पेशियलिटी ICU औपचारिक रूप से शुरू कर दिया गया है। लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह सुविधा अब गंभीर मरीजों को दूरस्थ हायर सेंटर या प्राइवेट अस्पतालों में रेफर होने की मजबूरी से मुक्ति दिलाएगी।

DM ने किया उद्घाटन
जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने जनप्रतिनिधियों के साथ ICU का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह सुविधा कुमाऊं की बड़े स्तर की स्वास्थ्य जरूरतों को पूरा करेगी। ICU को एक्सपर्ट डॉक्टरों और प्रशिक्षित नर्सिंग टीम से सुसज्जित किया गया है। यहां 24 घंटे विशेषज्ञों की उपलब्धता रहेगी।

महापौर बोले – गरीबों के लिए वरदान
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि यह ICU आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए जीवनदायी सिद्ध होगा। स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता में है और यह शुरुआत उसी दिशा में बड़ा कदम है।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की मजबूत टीम तैनात
CMO डॉ. हरीश चंद्र पंत के अनुसार नई ICU में—
- 4 एनेस्थेटिक डॉक्टर
- 4 अनुभवी नर्सिंग स्टाफ
- 3 सर्जन एवं 3 फिजीशियन (रोटेशन सिस्टम पर)
तैनात किए गए हैं।
डॉ. पंत ने बताया कि अब कुमाऊं के मरीजों को गंभीर स्थितियों में दिल्ली, चंडीगढ़, लखनऊ या देहरादून जैसे हायर सेंटर दौड़ना नहीं पड़ेगा।
उद्घाटन समारोह
इस मौके पर दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, विभिन्न चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ तथा जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
