खेल मंत्री रेखा आर्या ने हल्द्वानी में आयोजित शांति योग धाम चैंपियनशिप का शुभारंभ किया।
हल्द्वानी। हल्द्वानी के ऊंचापुल, अमृत आश्रम क्षेत्र में शनिवार को आयोजित शांतियोगधामचैंपियनशिप का शुभारंभ उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री एवं खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया। उद्घाटन अवसर पर कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, योग प्रशिक्षकों और स्थानीय लोगों की सहभागिता देखने को मिली।

योग अब वैश्विक स्वास्थ्य संदेश: रेखा आर्या
खेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा योग को अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित किए जाने के बाद आज योग का सूर्य एशिया से लेकर अफ्रीका, यूरोप और अमेरिका तक चमक रहा है। उन्होंने कहा कि योग अब सिर्फ भारत की सांस्कृतिक धरोहर नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए स्वास्थ्य का मार्ग बन चुका है।

योगासन को मिली राष्ट्रीय पहचान, अब नजर ओलंपिक पर
मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में पहली बार योगासन को खेल स्पर्धा के रूप में शामिल किया गया, जो उत्तराखंड और देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निकट भविष्य में ओलंपिक जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी योगासन को स्थान मिलेगा।
‘योग जहां, रोग वहां नहीं’ – फिट उत्तराखंड की नींव भी योग
रेखा आर्या ने कहा कि योग और रोग एक-दूसरे के विपरीत हैं। उन्होंने कहा कि जहां योग है, वहां रोग की कोई जगह नहीं। फिट इंडिया और फिट उत्तराखंड अभियान की आधारशिला भी योग है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की, ताकि समाज स्वस्थ, सक्षम और जागरूक बन सके।
