उत्तराखंड रजत जयंती कार्यक्रम में कॉफी टेबल बुक लॉन्चिंग के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिबन को जेब में रख स्वच्छता का संदेश दिया।
देहरादून। उत्तराखंड स्थापना के रजत जयंती समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि स्वच्छता उनके लिए सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि जीवन का हिस्सा है। रविवार को एफआरआई देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने जब कॉफी टेबल बुक और डाक टिकट के स्पेशल कवर की लॉन्चिंग की, तो एक छोटा-सा क्षण सभी के लिए बड़ा संदेश बन गया।

रिबन को जेब में रखकर दिया बड़ा संदेश
लॉन्चिंग के दौरान बुक और स्पेशल कवर पर लिपटी रिबन हटाने के बाद, प्रधानमंत्री ने उसे इधर-उधर रखने की बजाय सावधानी से उठाकर अपनी जेब में रख लिया। यह छोटा-सा कदम उपस्थित सभी लोगों के लिए स्वच्छता और जिम्मेदारी का प्रतीक बन गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पल को अपने कैमरों में कैद किया और सोशल मीडिया पर भी यह दृश्य तेजी से वायरल हो गया। लोगों ने कहा कि प्रधानमंत्री ने फिर दिखाया कि नेतृत्व शब्दों से नहीं, कर्म से होता है।

स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ा व्यवहारिक उदाहरण
प्रधानमंत्री मोदी वर्षों से स्वच्छ भारत मिशन को एक राष्ट्रीय जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कई बार कहा है कि स्वच्छता सिर्फ सरकारी योजना नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। एफआरआई के इस मंच से उनका यह व्यवहार एक सजीव उदाहरण बन गया।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों और ऑनलाइन दर्शकों ने प्रधानमंत्री की इस सादगी और सजगता को खूब सराहा। कई लोगों ने कहा कि यह एक लीडर की पहचान है—जो खुद वह करता है, जिसकी वह अपील करता है।
