कैंची धाम में पूजा-अर्चना करतीं राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, साथ में राज्यपाल गुरमीत सिंह और मंत्री धन सिंह रावत
नैनीताल। उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध आध्यात्मिक स्थल कैंची धाम में मंगलवार सुबह का दृश्य विशेष था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु यहां पहुंचीं और बाबा नीब करौरी महाराज के पवित्र धाम में माथा टेककर राष्ट्र की सुख, शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

कैंची धाम पहुंचने पर मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। समिति ने राष्ट्रपति को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनके आगमन को धाम के लिए सौभाग्य बताया। इस दौरान उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति ने मंदिर परिसर में दर्शन के बाद कुछ समय ध्यान लगाया और बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन एवं उनके देश-विदेश में फैले भक्तों की आस्था के बारे में जानकारी ली।
राष्ट्रपति के इस दौरे से कैंची धाम और नैनीताल क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। धाम के आस-पास बड़ी संख्या में श्रद्धालु राष्ट्रपति के दर्शन के लिए जुटे रहे। कैंची धाम देश-विदेश में प्रसिद्ध है और हर साल लाखों भक्त यहां बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। माना जाता है कि यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा भक्तों को शांति और प्रेरणा प्रदान करती है।

