पौड़ी के रामलीला मैदान में इगास पर्व के दौरान सांसद अनिल बलूनी पारंपरिक भेलौ खेलते हुए।
पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के लोक पर्व इगास की रौनक इस बार पौड़ी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में देखने लायक रही।
भारतीय जनता पार्टी संगठन द्वारा आयोजित इस विशेष समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने शिरकत की।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद सांसद अनिल बलूनी ने पारंपरिक ‘भेलौ’ खेल कर लोक संस्कृति को जीवंत किया। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को इगास पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
सांसद बलूनी ने कहा कि कुछ वर्ष पहले हमने यह मुहिम शुरू की थी कि उत्तराखंड की पहचान उसके लोक पर्वों से बने। आज यह देखकर गर्व होता है कि इगास न सिर्फ पर्वतीय इलाकों में, बल्कि पूरे प्रदेश और प्रवासी उत्तराखंडियों द्वारा भी पूरे उल्लास से मनाया जा रहा है।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि लोक संस्कृति को जीवित रखना हमारी जड़ों से जुड़ने का सबसे सुंदर माध्यम है। इस मौके पर प्रसिद्ध लोकगायक प्रीतम भरतवाण ने अपने लोकगीतों और नृत्य प्रस्तुतियों से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। पूरे मैदान में पारंपरिक परिधानों में सजे लोग इगास की मस्ती में डूबे नजर आए। कार्यक्रम के अंत में प्रदेश की संस्कृति, लोकगीत और लोकनृत्य की झलक ने इगास को एक सांस्कृतिक उत्सव में बदल दिया।
