गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने एफआरआई परिसर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। PHOTO CREDIT - X
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती उत्सव को लेकर पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड आगमन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। यह पहला अवसर होगा जब देश के प्रधानमंत्री राज्य स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में शामिल होकर राज्यवासियों का उत्साहवर्धन करेंगे।

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे के मद्देनजर आज आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, महानिदेशक उद्योग सौरभ गहरवार, आईजी इंटेलिजेंस केएस नगन्याल, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप और एसएसपी अजय सिंह सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारियों ने आयोजन स्थल एफआरआई (Forest Research Institute) का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने एफआरआई में तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया और व्यवस्थाओं को समय से पहले दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, मंच सज्जा, वीआईपी मूवमेंट और दर्शक व्यवस्थाओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई।

गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस आयोजन को “यादगार और व्यवस्थित” बनाने के लिए सभी तैयारियां तय समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से लगाव किसी से छिपा नहीं है और राज्य के विकास के प्रति उनका दृष्टिकोण हमेशा प्रेरणादायक रहा है। आयुक्त ने यह भी कहा कि राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने का यह अवसर उत्तराखंड के लिए गौरव और आत्मगौरव का पल है। प्रधानमंत्री की उपस्थिति निश्चित रूप से राज्य और राज्यवासियों के लिए सम्मान की बात होगी।
एफआरआई बनेगा आयोजन का केंद्र बिंदु
राज्य स्थापना दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन देहरादून स्थित एफआरआई परिसर में किया जाएगा। भव्य मंच, सांस्कृतिक प्रस्तुतयां, विकास प्रदर्शनी और राज्य की उपलब्धियों को दर्शाने वाले कार्यक्रम इस आयोजन की विशेषता होंगे।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर फुलप्रूफ प्लान
एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि आयोजन स्थल पर सुरक्षा के लिए बहुस्तरीय इंतज़ाम किए जा रहे हैं। सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन सर्विलांस और ट्रैफिक डायवर्जन प्लान भी तैयार किया जा रहा है।
केंद्र में होंगी राज्य की उपलब्धियां
रजत जयंती समारोह में उत्तराखंड के 25 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियां और भविष्य की दिशा पर केंद्रित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रधानमंत्री के संबोधन में प्रदेश के विकास विजन पर भी प्रकाश डाला जाने की संभावना है।
