ब्रिटेन की बुजुर्ग महिला ओलेना बायको ने ऋषिकेश के शिवपुरी में बंजी जंपिंग कर सबको चौंका दिया।
ऋषिकेश। उत्तराखंड के रोमांचक पर्यटन स्थल ऋषिकेश के शिवपुरी में उस वक्त हर कोई दंग रह गया जब ब्रिटेन की 83 वर्षीय ओलेना बायको ने बंजी जंपिंग करने का फैसला लिया। 117 मीटर की ऊंचाई से छलांग लगाते ही वहां मौजूद लोग तालियों से गूंज उठे।

सोशल मीडिया पर छाया वीडियो
ओलेना का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। लोग उनके जज्बे को सलाम कर रहे हैं। यूजर्स लिख रहे हैं, ये उम्र नहीं, हौसले की बात है! 83 की नहीं, 23 की एनर्जी लग रही है!

ऋषिकेश बना एडवेंचर का ग्लोबल हॉटस्पॉट
ऋषिकेश अब सिर्फ योग नगरी ही नहीं, बल्कि एडवेंचर टूरिज्म की राजधानी बन चुका है। देश-विदेश से हर उम्र के पर्यटक यहां बंजी जंपिंग, रिवर राफ्टिंग और ज़िपलाइन जैसी गतिविधियों के लिए पहुंच रहे हैं। ओलेना का ये कदम इस बात का प्रतीक है कि उम्र सिर्फ एक संख्या है, जुनून ही असली ताकत है।
