देहरादून में पत्रकारों के साथ पहाड़ी डिनर के दौरान जुबिन नौटियाल — उत्तराखंडी व्यंजनों का लिया आनंद।
देहरादून। उत्तराखंड के लाल और बॉलीवुड के मशहूर सिंगर जुबिन नौटियाल ने दीपावली के अवसर पर देहरादून में पत्रकारों के साथ रात्रिभोज किया। इस दौरान जुबिन बेहद सादगी भरे अंदाज़ में सभी पत्रकारों से मिले, उनका हालचाल जाना और सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

उत्तराखंडी स्वाद का लिया आनंद
इस खास शाम का आकर्षण रहा पारंपरिकपहाड़ीभोजन। जुबिन ने कोदे की रोटी और झंगोरे की खीर का स्वाद लेते हुए कहा कि हमारे उत्तराखंड के व्यंजन न सिर्फ स्वादिष्ट हैं, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद हैं। हमें अपने पारंपरिक खानपान और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना चाहिए।

जुबिन ने कहा कि उन्हें जब भी मौका मिलता है, वो पहाड़ के खाने और लोकगीतों से खुद को दोबारा जोड़ लेते हैं और यही मेरी असली पहचान है।
अपनी जड़ों से जुड़ा ‘पहाड़ का बेटा’
अपने व्यस्त बॉलीवुड करियर के बावजूद जुबिन नौटियाल हमेशा अपनी मिट्टी, अपनी संस्कृति और अपने लोगों से जुड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोकधुनें, पहाड़ी संगीत और परंपराएं ही उनकी प्रेरणा हैं। साथ ही कहा कि मैं जहां भी जाऊं, मेरे सुरों में पहाड़ की खुशबू हमेशा रहती है।
पत्रकारों ने भी की सराहना
डिनर के दौरान पत्रकारों ने जुबिन से उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स और पहाड़ी संगीत के भविष्य पर चर्चा की। सभी ने जुबिन की सरलता और अपनेपन की तारीफ की। कार्यक्रम का माहौल एकदम पारिवारिक और सौहार्दपूर्ण रहा।
