मिशन ‘ड्रग फ्री देवभूमि 2025’ के तहत हल्द्वानी पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा, 162 ग्राम स्मैक बरामद
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रहे मिशन “ड्रग फ्री देवभूमि 2025” के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने हल्द्वानी में 162.14 ग्राम स्मैक बरामद करते हुए दो तस्करों को दबोच लिया है। बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 48 लाख बताई जा रही है।

पुलिस की सटीक कार्रवाई
एसपी नगर प्रकाश चन्द्र और सीओ हल्द्वानी नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण में, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमर चन्द शर्मा के नेतृत्व में पुलिस/SOG की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने राजकीय इंटर कॉलेज मोतीनगर, राष्ट्रीय राजमार्ग हल्द्वानी पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोका। तलाशी में उनके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई।

पुलिस ने जिन दो तस्करों को पकड़ा है, उनकी पहचान इस प्रकार हुई है —
- तस्लीम खान, पुत्र नन्हे खान, निवासी ग्राम रोहनिया, थाना बहेड़ी, जिला पीलीभीत (उत्तर प्रदेश), उम्र 36 वर्ष
- मो. राशिद खान, पुत्र आलम साह, निवासी ग्राम परेवा वैश्य, थाना जहानाबाद, जिला पीलीभीत (उत्तर प्रदेश), उम्र 25 वर्ष
दोनों आरोपियों के पास से कुल 162.14 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई —
- तस्लीम खान से 89.67 ग्राम
- मो. राशिद खान से 72.47 ग्राम
पुलिस ने उनके कब्जे से एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल (UP25CY 0703) भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल नशे की सप्लाई में किया जा रहा था।
बरेली से लाते थे नशा, हल्द्वानी में करते थे सप्लाई
सीओ सिटी नितिन लोहनी ने बताया कि दोनों आरोपी शीशगढ़ (बरेली, उ.प्र.) से स्मैक खरीदकर हल्द्वानी में बेचने आए थे। पुलिस ने उनके खिलाफ FIR नं-355/2025, धारा 8/21/29/60 NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अब पुलिस उनसे नशे की सप्लाई चेन और नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
टीम को SSP ने किया सम्मानित
एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा ने इस सफलता पर पूरी टीम को 2,500 नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी, ताकि उत्तराखंड को पूरी तरह “ड्रग फ्री देवभूमि” बनाया जा सके।
