चोरगलिया पुलिस टीम ने चैकिंग के दौरान अवैध हथियार और कच्ची शराब के साथ युवक को दबोचा
हल्द्वानी। हल्द्वानी में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा के सख्त निर्देशों के तहत अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना चोरगलिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस टीम ने चैकिंग के दौरान विक्रम सिंह कैड़ा (23 वर्ष), निवासी नया गांव कटान कुटलिया को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक देसी तमंचा (315 बोर), दो जिंदा कारतूस और 40 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद किए गए।
आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज

चोरगलिया थानाध्यक्ष हरपाल सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लिया।
पकड़े गए तस्कर के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 और आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक निधि शर्मा, हेड कांस्टेबल मनजीत सिंह, कांस्टेबल राजेश सिंह और कांस्टेबल देवेन्द्र सिंह शामिल रहे।
अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज
एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए जिले में अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि क्षेत्र को पूरी तरह अपराध मुक्त बनाया जा सके।
